
दिल्ली में प्रचण्ड बहुमत से भाजपा बनाएगी सरकार: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने विभिन्न स्थानों पर किया चुनाव प्रचार
हरियाणा/हिसार (गरिमा) : हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत से अपनी सरकार बनाएगी। दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न स्थानों पर चुनाव प्रचार कर मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील करते हुए उन्होंने यह बात कही। इस अवसर पर नामदेव समाज ने एकजुट होकर भाजपा को समर्थन देने का निर्णय लिया। दिल्ली चुनाव कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रोहिल्ला, टांक, दर्जी, छिमबी समाज के हजारो सभा सदस्यगण उपस्थित थे। हरियाणा सरकार मे कैबिनेट मन्त्री रणबीर सिंह गंगवा ने युवाओं के उज्जवल भविष्य और सर्वजन के कल्याण के लिए मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के लोग झूठ बोलकर जनता के वोट लेते हैं और फिर जनता का शोषण करते हैं। दिल्ली की जनता को इनके झूठ और झांसों से बचना है और अपना एक-एक वोट कमल के फूल पर देना है। गंगवा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जिन भी राज्यों में है, वहां पर सभी वर्गों, विशेष कर वंचित वर्ग के लोगों के सामाजिक आर्थिक उत्थान के लिए गंभीर प्रयास किए गए। इन वर्गों के लोगों के लिए अंत्योदय आधार पर अनेक नीतियों तथा कार्यक्रमों को लागू किया गया। आज इन्हीं का परिणाम है कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने पर यहां भी वंचित वर्ग के लोगों के लिए अनूठे कार्यक्रम लागू किए जाएंगे। गरीबों का उत्थान ही भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य है। इस अवसर पर भाजपा ओ.बी.सी मोर्चा अध्यक्ष अनिल यादव, सुनील चहल, राकेश प्रजापति, पूर्व चेयरमैन सतबीर सिंह वर्मा, भानुमति गुजरानिया, दिल्ली के समाज अध्यक्ष दयानन्द रोहिल्ला, हेमचंद्र रोहिल्ला व ज्ञानी राम सरोहा, सतनारायण रोहिल्ला, सुनील महेश्वरी, विकास रोहिल्ला सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।