![](https://bharattimenews.com/wp-content/uploads/2024/12/IMG-20241222-WA0152-720x470.jpg)
नहीं बने अस्थायी रैन बसेरे, सड़कों पर काट रहे सर्द रातें
जोधपुर अरुण माथुर | सर्दी अब धीरे-धीरे अपना रंग दिखा रही है। सड़क पर रात बिताने वालों के लिए तो ये सर्दी भी बेहद तकलीफ देने वाली है, लेकिन नगर निगम की ओर से अभी तक रैन बसेरे शुरू करने की कोशिश नहीं की है। आलम यह है कि शहर में जगह-जगह बेसहारा लोग खुले में सोने को मजबूर हैं। निगम प्रशासन की संवेदनहीनता को देखते हुए आम लोगों ने अपने स्तर पर बेसहारों की मदद करनी शुरू की है। लोग घरों से निकलकर उन्हें कंबल मुहैया करा रहे हैं। निगम प्रशासन ने ऐसे लोगों के लिए अभी तक रैन बसेरे का कोई प्रबंध नहीं किया है। रैन बसेरे को लेकर बात करने पर अधिकारी जल्द ही इन्हें खोलने की बात कह रहे हैं। हालांकि अभी तक जमीनी स्तर पर कोई कार्य शुरू नहीं हुआ है। इधर, निगम उत्तर और दक्षिण की ओर से बनाए गए आश्रय स्थलों की स्थिति भी अमूमन ऐसी ही है।